राजस्थान के सीकर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया हैं, जहां एक 25 वर्षीय विवाहिता ने सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर रेप और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि करीब ढाई साल पहले उसकी पहचान एक युवक से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे शादी का भरोसा दिलाया और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं।

शादी का झांसा देकर कई जगहों पर शोषण का आरोप

पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक उसे मिलने के बहाने अलग-अलग जगहों पर ले गया और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे शादी का आश्वासन देकर चुप करा दिया। लेकिन समय बीतने के साथ आरोपी लगातार वादे टालता रहा और आखिरकार शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

अब मिल रही जान से मारने की धमकी

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। इससे महिला और उसका परिवार दहशत में है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश और सबूतों की जांच में जुटी हुई है।

दूसरा मामला: नाबालिग लड़की लापता

इसी जिले से एक और मामला सामने आया है, जहां 16 साल की नाबालिग लड़की 5 मई की रात को घर से बिना बताए लापता हो गई। परिवार ने काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में मां की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।