बाड़मेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक परिवार के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने अपने पड़ोसी पर बुजुर्ग महिला, उसके बेटे और दोहिती के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह मामला 14 जून का बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोसी व्यक्ति अपने साथियों के साथ उनके घर में आया और विवाद के बाद परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान बुजुर्ग मां और बेटे को चोटें आईं, वहीं घर में मौजूद दोहिती के साथ भी अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया गया है।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष से पहले भी विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले आरोपी 25 हजार रुपये और एक तोला सोना लेकर गया था। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सामने आए वीडियो के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट की शुरुआत किस वजह से हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।