सीकर जिले में एक दर्दनाक हादसे में किराए के मकान में रहने वाले एक मजदूर की मौत हो गई। घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र की भंवर कॉलोनी की है, जहां मकान की छत पर बनी सीमेंट की रेलिंग अचानक टूट गई। रेलिंग पर बैठा किराएदार उसके साथ ही नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उद्योग नगर थाने के एएसआई रंगलाल ने बताया कि मृतक की पहचान बंशीलाल मीणा (55) निवासी सेपरा गवार, जिला झुंझुनूं के रूप में हुई है। बंशीलाल पिछले कुछ समय से सीकर की भंवर कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था, बुधवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच बंशीलाल मकान की छत पर बने सीमेंट की रेलिंग पर बैठा हुआ था। इसी दौरान पुरानी रेलिंग अचानक भरभराकर टूट गई। रेलिंग टूटते ही बंशीलाल संतुलन खो बैठा और रेलिंग के साथ नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत उसे सीकर के एसके अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा सीमेंट की रेलिंग टूटने के कारण हुआ। घटना के बाद मकान की सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर निर्माण को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।