आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के छठे मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले जा रहे इस मुकाबले में स्मृति मंधाना और ऋचा घोष ने शानदार पारियां खेलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
शुरुआती झटकों से लड़खड़ाई टीम इंडिया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर आक्रामक अंदाज दिखाया, लेकिन उसी ओवर में 6 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
महज 18 रन के स्कोर पर दो विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम दबाव में नजर आ रही थी।
मंधाना और हरमनप्रीत ने संभाली पारी
कठिन परिस्थिति में स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला।
स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रन का योगदान दिया।
ऋचा घोष ने आखिरी ओवरों में मचाया धमाल
भारत ने 16.2 ओवर में 123 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा ने तेजी से रन बटोरे।
ऋचा घोष ने महज 17 गेंदों में 34 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था। वहीं दीप्ति शर्मा 9 गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर सिर्फ 21 गेंदों में 45 रन जोड़कर भारत के स्कोर को 170 तक पहुंचा दिया।
भारत ने आखिरी दो ओवरों में 38 रन बटोरकर मैच का रुख ही बदल दिया।
पाकिस्तान की गेंदबाजी
पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना और सादिया इकबाल सबसे सफल गेंदबाज रहीं। दोनों ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। वहीं तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम को 1-1 सफलता मिली।
अब पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 171 रन बनाने होंगे, जबकि भारतीय गेंदबाज इस मजबूत स्कोर का बचाव कर जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करना चाहेंगे।