राजस्थान के पाली जिले में एक निजी स्कूल से सामने आई घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया। स्कूल में आग लगने की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड को आग बुझाने के दौरान हॉल में फंदे से लटका एक कर्मचारी का शव मिला। मौके से 20 पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आसपास के लोगों ने स्कूल परिसर से धुआं उठता देखा और फायर ब्रिगेड तथा डिस्कॉम को सूचना दी। एहतियातन स्कूल की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे तो पता चला कि स्कूल के रिकॉर्ड रूम में आग लगी हुई है। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक रिकॉर्ड रूम में रखा सामान और सीसीटीवी का डीवीआर जल चुका था।
आग बुझाने के दौरान जब दमकलकर्मी स्कूल के हॉल में पहुंचे तो वहां लोहे की रेलिंग से एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान पाली के टैगोर नगर निवासी 30 वर्षीय राघवेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। राघवेंद्र पहले इसी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था, बाद में उसे कार्यालय के कार्य में लगाया गया था। वह पिछले छह से सात वर्षों से स्कूल में काम कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार रात राघवेंद्र दोबारा स्कूल पहुंचा था और उसने स्टाफ से कहा था कि वह रात में स्कूल में ही रुकेगा। गुरुवार सुबह पत्नी ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह स्कूल पहुंची, जहां धुआं उठता देख मामला सामने आया।
पुलिस को मौके से करीब 20 पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि उसमें क्या लिखा है, इसकी जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस नोट की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
राघवेंद्र चार बहनों का इकलौता भाई था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना की सूचना मिलने पर मां और पत्नी मौके पर पहुंचीं, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या और रिकॉर्ड रूम में लगी आग दोनों मामलों की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग हादसा थी या किसी साजिश का हिस्सा। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।