जोधपुर। शहर के उदयमंदिर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कपड़ा सप्लाई के काम की आड़ में नशे का कारोबार कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, उदयमंदिर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई को लेकर सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोहनपुरा पुलिया के पास नाकाबंदी कर एक लोडिंग टैक्सी को रुकवाकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान टैक्सी के टूल बॉक्स में छिपाकर रखी गई एमडी ड्रग्स मिली। पुलिस ने मौके से नशीला पदार्थ जब्त कर टैक्सी में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कपड़े की सप्लाई करने की बात कहकर शहर में घूमते थे और इसी की आड़ में अवैध नशे की सप्लाई करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
जांच एजेंसियां आरोपियों के संपर्कों, मोबाइल रिकॉर्ड और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
उदयमंदिर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ कर नशे के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।