मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपने सम्मान और लगाव को लेकर एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि उनकी 15 महीने की नातिन इवारा भी पीएम मोदी को पहचानती हैं और हर सुबह उनकी तस्वीर देखकर उन्हें "मोदी जी" कहकर पुकारती हैं। इतना ही नहीं, वह गणेश मंदिर में चढ़े लड्डू भी उनकी तस्वीर के सामने लाकर खिलाने की कोशिश करती हैं।

हाल ही में टाइम्स नाउ को दिए एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने कहा कि वह लंबे समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशंसक रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका समर्थन किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि एक ऐसे नेता के लिए है, जो उन्हें प्रेरित करता है।

सुनील शेट्टी ने कहा, "मैंने हमेशा कहा है कि मैं नरेंद्र मोदी का बहुत बड़ा फैन हूं। मैं किसी पार्टी की बात नहीं कर रहा, मैं उस लीडर की बात कर रहा हूं, जो मुझमें जोश भरता है। मुझे जितना अपने देश से प्यार है, उतना ही उस इंसान से भी प्यार है। उनमें कुछ तो खास बात है।"

इवारा का दिलचस्प किस्सा

अभिनेता ने अपनी नातिन इवारा से जुड़ा एक प्यारा अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार एयरपोर्ट पर इवारा की नैनी ने उसे प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर दिखाई थी। तभी से वह उन्हें पहचानने लगी।

सुनील शेट्टी ने बताया, "आप मानेंगे नहीं, मेरी पोती सिर्फ 15 महीने की है। उसकी नैनी ने एयरपोर्ट पर उसे मोदी जी की तस्वीर दिखाई थी। अब हर सुबह वह एक साईं बाबा की किताब लेकर आती है, जिसमें मोदी जी की बड़ी तस्वीर है। वह किताब खोलती है और 'मोदी जी... मोदी जी...' बोलती है।"

मंदिर के लड्डू भी कराती हैं 'अर्पित'

सुनील शेट्टी ने आगे बताया कि इवारा की मासूमियत उन्हें बेहद भावुक कर देती है। उन्होंने कहा कि जब भी घर में गणेश मंदिर में लड्डू का प्रसाद चढ़ाया जाता है, इवारा उसे उठाकर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर के सामने ले जाती है और ऐसे पेश करती है जैसे उन्हें प्रसाद खिला रही हो।

सोशल मीडिया पर चर्चा

सुनील शेट्टी के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा हो रही है। कुछ लोग इसे एक मासूम बच्ची की प्यारी हरकत बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स अभिनेता के प्रधानमंत्री मोदी के प्रति सम्मान की भी सराहना कर रहे हैं। फिलहाल, सुनील शेट्टी का यह बयान सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। उनकी नातिन इवारा का यह मासूम किस्सा लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।