कोटा जिले के इटावा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर से खेत पर जा रहा एक युवक राजेश महावर बाइक सहित बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीण व प्रशासन उसकी तलाश में जुटे हैं।
पुलिया पार करते वक्त बिगड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश महावर बुधवार शाम करीब 4 बजे अपनी बाइक लेकर खेत की ओर जा रहा था। कुछ समय पहले हुई भारी बारिश के कारण खेतों का पानी रनोदिया और किशनवास के बीच स्थित बरसाती नाले में आ गया था। नाले की पुलिया के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा था। युवक ने बाइक सहित पुलिया पार करने का जोखिम उठाया, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आ गया।
ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े। राजेश ने भी पानी के तेज बहाव से निकलने का प्रयास किया, लेकिन पानी का वेग इतना अधिक था कि वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। सूचना मिलने पर पीपल्दा तहसीलदार अशोक कुमार जैन, हल्का पटवारी बत्तीलाल मीना और इटावा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँचा।
SDRF चलाएगी सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन
प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर शाम को युवक की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू में बाधा आई। पानी का बहाव कम होने पर नाले की पुलिया के पास राजेश की बाइक बरामद कर ली गई, जिसे बाहर निकलवा लिया गया है। हालांकि, युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। कोटा से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है, जो गुरुवार सुबह से युवक की तलाश में विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन चलाएगी।