पलक झपकते ही ओझल हो गया युवक! पुलिया पार करते वक्त हुआ खौफनाक हादसा, अब तक नहीं मिला कोई सुराग
कोटा के इटावा क्षेत्र में रनोदिया गांव के पास बरसाती नाले की पुलिया पार करते समय एक युवक बाइक समेत तेज बहाव में बह गया। अंधेरे के कारण तलाशी अभियान रोक दिया गया है, एसडीआरएफ की टीम सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करेगी।
कोटा जिले के इटावा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर से खेत पर जा रहा एक युवक राजेश महावर बाइक सहित बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीण व प्रशासन उसकी तलाश में जुटे हैं।
पुलिया पार करते वक्त बिगड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश महावर बुधवार शाम करीब 4 बजे अपनी बाइक लेकर खेत की ओर जा रहा था। कुछ समय पहले हुई भारी बारिश के कारण खेतों का पानी रनोदिया और किशनवास के बीच स्थित बरसाती नाले में आ गया था। नाले की पुलिया के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा था। युवक ने बाइक सहित पुलिया पार करने का जोखिम उठाया, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आ गया।