कोटा जिले के कैथून थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरी कर घर लौट रहे दो युवक बाइक समेत नहर में गिर गए। हादसे में 18 वर्षीय विशाल बागरी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अभिषेक बागरी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, विशाल बागरी और अभिषेक बागरी खेड़ा चौराहा क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों सोमवार को मजदूरी करने के लिए कैथून गए थे और रात करीब साढ़े नौ बजे काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लाडपुरा पुलिया के पास दायी मुख्य नहर की खाल पार करते समय उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक नहर में जा गिरे।
हाल ही में हुई बारिश के कारण नहर और खाल में करीब 7 से 8 फीट तक पानी भरा हुआ था। नहर में गिरने के बाद दोनों युवक चोटिल हो गए और पानी से बाहर नहीं निकल सके। घटना की सूचना मिलते ही कैथून थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दोनों युवकों को कुछ देर बाद नहर से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विशाल बागरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अभिषेक बागरी का इलाज जारी है। हादसे में दोनों युवकों के हाथ-पैर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
कैथून थाना प्रभारी मनोज सिकरवार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक विशाल का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों युवक शराब के नशे में हो सकते हैं, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बाइक अनियंत्रित होने की वजह क्या थी। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।