महाराष्ट्र के पुणे में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की याद ताजा कर दी है। पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की हत्या उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने मिलकर की। आरोप है कि दोनों ने केतन को पुणे के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले से करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया और इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस जांच के अनुसार, 18 जून को केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन और ट्रेकिंग के लिए लोहागढ़ किले पहुंचे थे। कुछ समय बाद केतन खाई में गिर गए। सर्च ऑपरेशन के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया और सिया ने पुलिस को बताया कि केतन का पैर फिसलने से वह खाई में गिर गए थे।
हालांकि जांच के दौरान कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। पुलिस को फोन रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि सिया गोयल का पुणे निवासी चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। जांच में सामने आया कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगता था कि केतन उसके और चेतन के रिश्ते में बाधा बन रहे हैं।
पुलिस का दावा है कि दोनों ने पहले भी 14 जून को केतन की हत्या की कोशिश की थी। उस दौरान लोहागढ़ किले पर सांप का डर दिखाकर उसे खाई में धकेलने की योजना बनाई गई थी, लेकिन प्रयास सफल नहीं हो सका। इसके बाद 18 जून को दोबारा योजना बनाकर सिया ने केतन को ट्रेकिंग के बहाने किले पर बुलाया, जहां पहले से मौजूद चेतन के साथ मिलकर उसे खाई में धक्का दे दिया गया।
केतन अग्रवाल पुणे जिले के गहुंजे क्षेत्र के रहने वाले थे और अपने परिवार के रियल एस्टेट कारोबार में डायरेक्टर थे। वहीं सिया गोयल पुणे के एक बड़े मसाला कारोबारी की बेटी है। दोनों की शादी इसी साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित एक शाही पैलेस में होने वाली थी। परिवार ने शादी की भव्य तैयारियां शुरू कर दी थीं और इस समारोह पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाने की योजना थी।
जांच में यह भी सामने आया कि शादी से पहले दोनों बाली घूमने जाने वाले थे और लोहागढ़ किले पर प्री-वेडिंग फोटोशूट की भी तैयारी थी। लेकिन इसी दौरान हत्या की साजिश रच दी गई।
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, शक के आधार पर पहले चेतन चौधरी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर दोनों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। इस खुलासे के बाद पूरे पुणे में सनसनी फैल गई है और मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।