कोटा में दर्दनाक हादसा: नहर में गिरी बाइक, 18 वर्षीय युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
कोटा के कैथून थाना क्षेत्र में मजदूरी कर घर लौट रहे दो युवक बाइक समेत नहर में गिर गए। हादसे में 18 वर्षीय विशाल बागरी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अभिषेक बागरी घायल हो गया।
कोटा जिले के कैथून थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरी कर घर लौट रहे दो युवक बाइक समेत नहर में गिर गए। हादसे में 18 वर्षीय विशाल बागरी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अभिषेक बागरी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, विशाल बागरी और अभिषेक बागरी खेड़ा चौराहा क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों सोमवार को मजदूरी करने के लिए कैथून गए थे और रात करीब साढ़े नौ बजे काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लाडपुरा पुलिया के पास दायी मुख्य नहर की खाल पार करते समय उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक नहर में जा गिरे।
हाल ही में हुई बारिश के कारण नहर और खाल में करीब 7 से 8 फीट तक पानी भरा हुआ था। नहर में गिरने के बाद दोनों युवक चोटिल हो गए और पानी से बाहर नहीं निकल सके। घटना की सूचना मिलते ही कैथून थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।