दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मोरेल पुलिया के पास चेनेज नंबर 237 पर हुआ, जहां खराब टायर बदल रहे चालक को पीछे से आए एक बेकाबू कैंटर ने टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अलवर जिले के मालाखेड़ा क्षेत्र स्थित रुगाकावास नैथला निवासी 40 वर्षीय बहादुर सिंह मीणा पुत्र रामजीलाल मीणा के रूप में हुई है।

टायर बदलते समय हुआ हादसा

लालसोट थाने के एएसआई रविंद्र सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन दिल्ली से मुंबई की ओर जा रहा था। एक्सप्रेसवे पर चेनेज नंबर 237 के पास वाहन का टायर खराब हो गया। चालक बहादुर सिंह सड़क किनारे खड़े होकर टायर बदल रहा था।

इसी दौरान पीछे से तेज गति में आए एक कैंटर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक फरार

हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर लालसोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवाया है। वहीं मेडिकल टीम की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों ने दर्ज कराया मामला

मृतक के परिजनों ने कैंटर चालक के खिलाफ लालसोट थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्थाओं और सड़क किनारे खड़े वाहनों के लिए पर्याप्त चेतावनी संकेतों की जरूरत को लेकर सवाल उठने लगे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के बीच छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो रही है।