राजस्थान के पाली जिले में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में गुजरात के एक मार्बल व्यवसायी और उनके ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सांडेराव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ढोला ब्रिज के पास हुआ, जहां पीछे से आए एक ट्रॉले की टक्कर के बाद कार आगे चल रहे दूसरे ट्रॉले में जा घुसी और दोनों भारी वाहनों के बीच बुरी तरह फंस गई।
जयपुर से कच्छ लौट रहे थे दोनों
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान गुजरात के कच्छ निवासी डिम्पल कुमार जैन (49) और आबूरोड के मावल निवासी उनके ड्राइवर जेताराम (24) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डिम्पल कुमार जैन किसी काम से जयपुर गए थे। शनिवार रात वे अपने ड्राइवर के साथ कार से वापस कच्छ लौट रहे थे। इसी दौरान ढोला ब्रिज के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रॉले ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे दूसरे ट्रॉले में जा घुसी और दोनों ट्रॉलों के बीच बुरी तरह दब गई।
कार के उड़ गए परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन के परखच्चे उड़ गए और दोनों उसमें बुरी तरह फंस गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
शव निकालने में करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
हादसे की सूचना मिलने पर सांडेराव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रॉलों को हटाकर क्षतिग्रस्त कार को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कार से बाहर निकाला।
शवों को सांडेराव अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंपे जाएंगे।
कुछ देर बाधित रहा यातायात
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।