दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार पति-पत्नी घायल हो गए। दोनों श्रद्धालु उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी यात्रा हादसे का शिकार हो गई।

यह दुर्घटना कोलवा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 171 पर धनावड़ गांव के पास हुई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

महाकाल दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु

पुलिस के अनुसार कार में पंजाब के मंडी अहमदगढ़ (जिला कोटला) निवासी सुरेंद्र कुमार (50), उनकी पत्नी नीतू (48) और दिल्ली निवासी चालक सुमित जैन (30) सवार थे। दंपती उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।

रविवार सुबह जब वाहन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था, तभी धनावड़ गांव के निकट कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे में चालक की मौत, दंपती घायल

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक सुमित जैन को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सुरेंद्र कुमार और उनकी पत्नी नीतू का उपचार जारी है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

नींद की झपकी से हादसे की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।

परिजनों को दी सूचना

पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक चालक और घायलों के परिजनों को दे दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित कर रहे हैं।