उज्जैन जा रहे दंपती की कार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार, डिवाइडर से टकराई कार के उड़े परखच्चे
दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर धनावड़ गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार पति-पत्नी घायल हो गए। दोनों श्रद्धालु उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी यात्रा हादसे का शिकार हो गई।
यह दुर्घटना कोलवा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 171 पर धनावड़ गांव के पास हुई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
महाकाल दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार कार में पंजाब के मंडी अहमदगढ़ (जिला कोटला) निवासी सुरेंद्र कुमार (50), उनकी पत्नी नीतू (48) और दिल्ली निवासी चालक सुमित जैन (30) सवार थे। दंपती उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।