राजधानी जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक खाली प्लॉट से 35 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या करीब तीन दिन पहले की गई और बाद में शव को सुनसान स्थान पर लाकर फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी भेज दिया।
खाली प्लॉट से उठ रही थी तेज बदबू
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रोहित नगर स्थित एक खाली प्लॉट से रविवार सुबह करीब 7:30 बजे तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। लोगों ने आसपास तलाश की तो प्लॉट की दीवार के पास एक युवक का सड़ा हुआ शव पड़ा मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की।
तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव करीब तीन दिन पुराना है। शव की हालत खराब होने के कारण हत्या किस तरीके से की गई, इसका स्पष्ट पता फिलहाल नहीं चल पाया है। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को सुनसान प्लॉट में लाकर फेंका गया।
पहचान और आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव वहां कब और किसने फेंका। एफएसएल टीम की रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस हत्या का मामला मानकर हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।