AC मैकेनिक को अगवा कर बनाया न्यूड वीडियो, फर्जी पुलिस बनकर मां से मांगे 20 लाख
बाड़मेर में एक परिचित महिला ने एसी मैकेनिक को हनीट्रैप में फंसाकर अपने साथियों के साथ अगवा कर लिया। बदमाशों ने पीड़ित का न्यूड वीडियो बनाया, लूटपाट की और फर्जी पुलिसकर्मी बनकर उसकी मां से 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी। अचानक कार एक्सीडेंट होने पर पीड़ित मौका पाकर भाग निकला, जिसके बाद पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
राजस्थान के बाड़मेर-बालोतरा इलाके में हनीट्रैप और अपहरण का एक मामला सामने आया है। यहां एक एसी (AC) मैकेनिक को उसकी एक परिचित महिला ने पहले तो अपने जाल में फंसाया, फिर साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया। बदमाशों ने पीड़ित को निर्वस्त्र कर उसका वीडियो बनाया और उसकी मां को फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी।
महिला ने बहाने से बुलाया और रची साजिश
बालोतरा जिले के रहने वाले पीड़ित एसी मैकेनिक ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त की शाम करीब 6 बजे उसकी परिचित पुष्पा विश्नोई का फोन आया था। महिला ने कहा कि एक जगह से पुरानी उधारी के पैसे लेने जाना है, तुम अपनी कार लेकर आ जाओ, मैं किराया दे दूंगी।
जान-पहचान होने के कारण मैकेनिक अपनी कार लेकर धोरीमन्ना के एक होटल पहुंचा, जहां से पुष्पा उसके साथ बैठ गई। रास्ते में बाड़मेर रोड पर एक ठेके के पास गाड़ी रुकवाकर महिला ने शराब और सिगरेट खरीदी। साजिश के तहत उसने मैकेनिक को भी शराब पिलाई और गाड़ी को लूंगी नाडी गांव की तरफ ले जाने को कहा।