राजस्थान के अलवर जिले में 50 वर्षीय महिला के निधन के बाद परिवार में अलग-अलग बयान सामने आए हैं। घटना अखैपुरा थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार करौली कुंड निवासी भगवान यादव की पत्नी सुभाष देवी (50) ने घर पर जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया था। परिजनों द्वारा उन्हें संभालने की कोशिश की गई, लेकिन बाद में उनका निधन हो गया। घटना के बाद परिवार में तनाव और आरोपों का दौर शुरू हो गया।

मृतका की बेटी ने अपने भाई अभिषेक पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह मां के साथ मारपीट करता था और मानसिक दबाव बनाता था। बेटी का कहना है कि लगातार पारिवारिक विवाद के कारण मां परेशान रहती थीं।

वहीं दूसरी ओर, मृतका की बहू का कहना है कि सास अपनी बेटी से मिलकर घर लौटी थीं और उसी के बाद से तनाव में थीं। बहू के अनुसार, बेटी की दूसरी शादी को लेकर परिवार में मतभेद थे, जिसके कारण सास चिंतित रहती थीं।

बेटी ने बताया कि उसने पहले पति और बच्चों से अलग होकर दूसरी शादी की थी। उसका कहना है कि पहले पति को इस फैसले पर कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन भाई इस बात को लेकर नाराज़ रहता था और घर में विवाद होता था।

सुभाष देवी के दो बेटे और एक बेटी हैं, तीनों का विवाह हो चुका है। परिवार के मुखिया भगवान दास एक निजी संस्थान में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।