राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर सियासी पारा चरम पर है। भाजपा और कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों ने इन चुनावों में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच, निकाय चुनावों के प्रचार के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा किए जा रहे रोड शो पर सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने करारा तंज कसा है। गहलोत ने सीएम के रोड शो को भाजपा की 'उपलब्धि' के बजाय सरकार की 'सबसे बड़ी कमजोरी और विफलता' करार दिया है।

घबराहट में है बीजेपी, बाहर से बुलाए जा रहे नेता

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से खासी नाराज है और इसी नाराजगी से बचने के लिए मुख्यमंत्री को वार्ड स्तर के चुनावों में सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया, "आखिर नौबत यहां तक क्यों आ गई कि स्थानीय स्वशासन, नगर परिषद या नगर निगम के चुनावों के लिए राज्य के मुखिया को रोड शो करने पड़ रहे हैं?"

गहलोत ने दावा किया कि सरकार को अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कामों की सच्चाई पता है और उन्हें जनता के गुस्से का अहसास हो गया है। इसी घबराहट में भाजपा अब दिल्ली, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से अपने मंत्रियों और नेताओं को प्रचार के लिए बुला रही है, ताकि जनता को गुमराह किया जा सके।

'हार से ही खुलेगी डबल इंजन सरकार की नींद'

कांग्रेस नेता ने राज्य में विकास कार्यों के ठप होने और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहरों की हालत बेहद खराब है; सड़कें टूटी पड़ी हैं, सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और भ्रष्टाचार ने अपनी सारी हदें पार कर दी हैं।

गहलोत के मुताबिक, सरकार को अब जनता की नाराजगी की चिंता सताने लगी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "अगर भाजपा इन चुनावों में हार का सामना करती है, तभी शायद उनकी नींद उड़ेगी। हार के बाद ही पार्टी आलाकमान, निचले स्तर के नेताओं और इस 'डबल-इंजन' सरकार को जमीनी हकीकत का अंदाजा होगा।" उन्होंने कहा कि चुनाव में लगने वाला झटका ही इस सरकार को सड़कें सुधारने, पट्टे बांटने और रुके हुए विकास कार्य करने के लिए मजबूर करेगा।

सीएम भजनलाल का ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार

एक तरफ विपक्ष हमलावर है, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा निकाय चुनावों में भाजपा का परचम लहराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। रविवार को सीएम शर्मा ने अजमेर में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में एक विशाल रोड शो किया और जनता से समर्थन मांगा।

इससे पहले शनिवार को भी मुख्यमंत्री ने उदयपुर और भीलवाड़ा में भी तूफानी रोड शो किए थे। इन रैलियों में सीएम भजनलाल शर्मा ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे सभी वार्डों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि शहरों में विकास कार्यों को और अधिक गति दी जा सके।