दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद ने एक यात्री की जान ले ली। हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट और जगह बनाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा कुछ ही मिनटों में हिंसक मारपीट में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस के पहुंचते ही यात्रियों में जनरल कोच में चढ़ने की होड़ मच गई। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा का कुछ यात्रियों के साथ विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मामूली कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ गई और कुछ लोगों ने पंकज धामा के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि भीड़ ने उन्हें घेरकर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। घटना के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में एक आरपीएफ जवान भीड़ से पंकज धामा को छुड़ाते हुए दिखाई देता है। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि घायल यात्री को तत्काल और पर्याप्त चिकित्सा सहायता क्यों नहीं मिल सकी। कुछ लोगों का मानना है कि समय पर इलाज मिलने से शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पंकज धामा को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटों की बात सामने आई है, जिन्हें मौत का कारण माना जा रहा है।

मामले की सूचना मिलने पर ओल्ड दिल्ली रेलवे पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। नई दिल्ली रेलवे के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और जांच जारी है।

यह घटना रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़, जनरल कोच में अव्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में शुरू हुआ एक मामूली विवाद आखिरकार एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस दर्दनाक मौत का जिम्मेदार कौन है?