बाड़मेर में घर में घुसकर बुजुर्ग मां-बेटे पर हमला! मारपीट का वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी..
बाड़मेर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पड़ोसी पर घर में घुसकर बुजुर्ग मां, बेटे और दोहिती से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने पुराने विवाद और तीन महीने पहले रुपये व गहने ले जाने का भी आरोप लगाया है।
बाड़मेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक परिवार के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने अपने पड़ोसी पर बुजुर्ग महिला, उसके बेटे और दोहिती के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह मामला 14 जून का बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोसी व्यक्ति अपने साथियों के साथ उनके घर में आया और विवाद के बाद परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान बुजुर्ग मां और बेटे को चोटें आईं, वहीं घर में मौजूद दोहिती के साथ भी अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया गया है।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष से पहले भी विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले आरोपी 25 हजार रुपये और एक तोला सोना लेकर गया था। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।