बाड़मेर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के शोभाला जैतमाल, सियोलों की ढाणी में रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक किसान रावताराम (60) पुत्र भारमल के तीन बेटे हैं। दूसरा बेटा रेखाराम, जो टैक्सी चालक है, काफी समय से अपने पिता से अलग रह रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने बुधवार रात हिंसक रूप ले सकते हैं
बुधवार देर रात रेखाराम अपने कुछ साथियों के साथ पिता के घर पहुंचा। वहां रुपयों को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि रेखाराम ने लाठी-डंडों से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन और आरोपी पक्ष के लोग घायल रावताराम को तत्काल बाड़मेर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया। हालांकि गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
रावताराम ने कुछ समय पहले अपनी जमीन बेची थी। उसी रकम के बंटवारे और लेन-देन को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक का बड़ा बेटा भी अलग रहता है, जबकि रावताराम छोटे बेटे के साथ रह रहे थे।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी बेटे और उसके साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।