रुपयों के विवाद में बेटे ने पिता को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला, इलाज के दौरान मौत
बाड़मेर के सदर थाना क्षेत्र में रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बाड़मेर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के शोभाला जैतमाल, सियोलों की ढाणी में रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक किसान रावताराम (60) पुत्र भारमल के तीन बेटे हैं। दूसरा बेटा रेखाराम, जो टैक्सी चालक है, काफी समय से अपने पिता से अलग रह रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने बुधवार रात हिंसक रूप ले सकते हैं
बुधवार देर रात रेखाराम अपने कुछ साथियों के साथ पिता के घर पहुंचा। वहां रुपयों को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि रेखाराम ने लाठी-डंडों से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।