बाड़मेर। जिले के चौहटन कस्बे स्थित एक निजी स्कूल में चौथी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गणित की कॉपी घर पर भूलकर आने पर शिक्षक ने छात्र को डंडे से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। घटना के बाद स्कूल स्टाफ में हड़कंप मच गया। बच्चे के परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया, जिसके बाद उसे चौहटन अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर बच्चे के बयान भी दर्ज किए हैं।
मैथ की कॉपी नहीं लाने पर की पिटाई
घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे चौहटन के टीपीएस पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। बच्चे के पिता के अनुसार उनका बेटा सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल बस से स्कूल गया था। क्लास के दौरान गणित के शिक्षक गणपत ने छात्रों से मैथ की कॉपी मांगी। बच्चे ने बताया कि वह कॉपी गलती से घर पर भूल आया है और अगले दिन लेकर आएगा। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शिक्षक ने डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी।
पिटाई के बाद बिगड़ी तबीयत, हो गया अचेत
परिजनों का कहना है कि लगातार पिटाई के कारण बच्चे को चक्कर आने लगे और वह अचेत हो गया। बच्चे की हालत देखकर स्कूल स्टाफ घबरा गया। स्कूल के एक अन्य शिक्षक जसवंत ने तुरंत परिजनों को फोन कर बच्चे की तबीयत खराब होने की जानकारी दी।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने लिए बयान
सूचना मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को चौहटन अस्पताल लेकर गए, जहां उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने बच्चे का बयान दर्ज किया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
स्कूल संचालक बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
स्कूल संचालक जगदीश विश्नोई ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चे ने होमवर्क नहीं किया था, जिस पर शिक्षक ने उसे डंडे से मारा। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल बाहर हैं और लौटने के बाद पूरे मामले की जांच करेंगे। यदि जांच में शिक्षक की गलती सामने आती है तो उसे स्कूल से हटा दिया जाएगा।
मामले की जांच जारी
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, स्कूल प्रशासन ने भी जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। यह घटना एक बार फिर स्कूलों में बच्चों के साथ शारीरिक दंड दिए जाने की गंभीरता और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है।