मैथ की कॉपी भूलने पर 8 साल के छात्र की बेरहमी से पिटाई, बेहोश होने पर अस्पताल में भर्ती
बाड़मेर के चौहटन स्थित एक निजी स्कूल में गणित की कॉपी घर पर भूलने पर चौथी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र की शिक्षक ने कथित तौर पर डंडे से पिटाई कर दी। मारपीट के बाद बच्चा बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर बच्चे के बयान दर्ज किए हैं, जबकि स्कूल प्रबंधन ने जांच के बाद दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बाड़मेर। जिले के चौहटन कस्बे स्थित एक निजी स्कूल में चौथी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गणित की कॉपी घर पर भूलकर आने पर शिक्षक ने छात्र को डंडे से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। घटना के बाद स्कूल स्टाफ में हड़कंप मच गया। बच्चे के परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया, जिसके बाद उसे चौहटन अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर बच्चे के बयान भी दर्ज किए हैं।
मैथ की कॉपी नहीं लाने पर की पिटाई
घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे चौहटन के टीपीएस पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। बच्चे के पिता के अनुसार उनका बेटा सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल बस से स्कूल गया था। क्लास के दौरान गणित के शिक्षक गणपत ने छात्रों से मैथ की कॉपी मांगी। बच्चे ने बताया कि वह कॉपी गलती से घर पर भूल आया है और अगले दिन लेकर आएगा। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शिक्षक ने डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी।