NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर 22 जून 2026 तक अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है। NEET UG की री-एग्जाम 21 जून को आयोजित की जानी है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जानकारी देते हुए बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के अनुसार भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म की पहुंच एक सीमित अवधि के लिए प्रतिबंधित की गई है, जिसमें परीक्षा का दिन और उसके बाद का महत्वपूर्ण समय शामिल है।

30 जून तक बंद रहेगा मैसेज एडिटिंग फीचर

सरकार ने केवल प्लेटफॉर्म की पहुंच सीमित करने तक ही कदम नहीं उठाया है, बल्कि टेलीग्राम को भारत में पहले से पोस्ट किए गए संदेशों के लिए 'मैसेज-एडिटिंग' फीचर भी 30 जून 2026 तक बंद रखने का निर्देश दिया है।

NTA के अनुसार, जांच एजेंसियों ने पाया था कि कुछ मामलों में परीक्षा से जुड़े कथित "पेपर लीक" के सबूत बाद में मैसेज एडिटिंग फीचर के जरिए तैयार किए जाते रहे हैं। ऐसे में इस सुविधा को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या फर्जी साक्ष्य तैयार न किए जा सकें।

परीक्षा की सुरक्षा पर सरकार का फोकस

पिछले वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है। टेलीग्राम पर अस्थायी रोक को भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि यह कदम केवल परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए उठाया गया है। 22 जून के बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसमें लाखों छात्र भाग लेते हैं। ऐसे में परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार और परीक्षा एजेंसियों की प्राथमिकता बनी हुई है।