नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ने लगे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन कई लोगों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन के अंदर भी पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर पार्लियामेंट थाना क्षेत्र तक पहुंच गए, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

 लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं और कुछ लोगों के सिर फूटने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन दावों से इनकार करते हुए कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए और किसी गंभीर चोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटनास्थल पर दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी बड़ी संख्या में तैनात रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संसद मार्च की अनुमति नहीं दी गई थी, इसलिए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया।

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "हमें कोई नहीं रोक सकता। संसद मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और हम अपनी आवाज संसद तक पहुंचाकर रहेंगे।"

इसी बीच, पिछले 23 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने के लिए तीन प्रमुख शर्तें रखी हैं। पहली, सरकार शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक मामलों की जिम्मेदारी स्वीकार करे। दूसरी, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को संसद जाने की अनुमति दी जाए और सांसद इन मुद्दों को संसद में उठाने का भरोसा दें। तीसरी, यदि स्वास्थ्य कारणों से संसद जाना संभव न हो, तो सांसद स्वयं सफदरजंग अस्पताल पहुंचकर उन्हें आश्वासन दें।

फिलहाल दिल्ली के जंतर-मंतर, संसद मार्ग, राजीव चौक और मंडी हाउस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।