दिल्ली शाहदरा रेलवे स्टेशन पर सीट को लेकर विवाद... यात्री की पीट-पीटकर हत्या... वीडियो वायरल
दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर योगा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट को लेकर हुए विवाद में एक यात्री की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद ने एक यात्री की जान ले ली। हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट और जगह बनाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा कुछ ही मिनटों में हिंसक मारपीट में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस के पहुंचते ही यात्रियों में जनरल कोच में चढ़ने की होड़ मच गई। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा का कुछ यात्रियों के साथ विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मामूली कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ गई और कुछ लोगों ने पंकज धामा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि भीड़ ने उन्हें घेरकर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। घटना के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।