बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन में छिपाकर रखे गए टैंक से 700 लीटर अवैध बायोडीजल बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उससे पूछताछ जारी है।

एसपी रमेश ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं और ईंधन पदार्थों के अवैध भंडारण व कालाबाजारी को रोकने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। एएसपी हरफूल सिंह, डीएसपी सुखराम विश्नोई और थाना इंचार्ज जयकिशन के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि बेरी गांव के खेत में जमीन के अंदर टैंक छिपाकर अवैध रूप से बायोडीजल का भंडारण कर सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने हनुमानाराम पुत्र गंगाराम के घर और खेत पर दबिश दी।

जांच के दौरान खेत में ईंटों से बने कमरे के अंदर जमीन में दबा हुआ लोहे का टैंक मिला, जिसमें भारी मात्रा में बायोडीजल भरा हुआ था। पुलिस ने मौके से 700 लीटर बायोडीजल, एक मोटर और पाइप बरामद किए, जिनका उपयोग भंडारण और सप्लाई के लिए किया जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी हनुमानाराम को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से बायोडीजल की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।

जमीन के अंदर टैंक छिपाकर अवैध बायोडीजल की सप्लाई किए जाने का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।