बालोतरा: जमीन में छिपे टैंक से 700 लीटर बायोडीजल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, अवैध सप्लाई का खुलासा
बालोतरा के गुड़ामालानी में पुलिस ने जमीन में छिपे टैंक से 700 लीटर अवैध बायोडीजल बरामद किया है। एक आरोपी गिरफ्तार कर सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है।
बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन में छिपाकर रखे गए टैंक से 700 लीटर अवैध बायोडीजल बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उससे पूछताछ जारी है।
एसपी रमेश ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं और ईंधन पदार्थों के अवैध भंडारण व कालाबाजारी को रोकने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। एएसपी हरफूल सिंह, डीएसपी सुखराम विश्नोई और थाना इंचार्ज जयकिशन के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बेरी गांव के खेत में जमीन के अंदर टैंक छिपाकर अवैध रूप से बायोडीजल का भंडारण कर सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने हनुमानाराम पुत्र गंगाराम के घर और खेत पर दबिश दी।