राजस्थान के बालोतरा जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रेवेन्यू इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी रेवेन्यू इंस्पेक्टर नारायणराम पर खेत की पैमाइश (नेखमबंदी) करवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

बाड़मेर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार अणखिया ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि गुड़ामालानी नगर हल्के में तैनात रेवेन्यू इंस्पेक्टर नारायणराम खेत की पैमाइश के लिए रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया।

जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी रेवेन्यू इंस्पेक्टर परिवादी से पहले ही 4 हजार रुपए रिश्वत के रूप में ले चुका था। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई और मंगलवार को कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, खडाली क्षेत्र में पैमाइश की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने परिवादी से 20 हजार 500 रुपए की रिश्वत ली। जैसे ही उसने रिश्वत की राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी के घर और कार्यालय में सर्च ऑपरेशन चला रही है। दस्तावेजों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी की ओर से अन्य मामलों में भी अनियमितताएं तो नहीं की गई हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी बालोतरा क्षेत्र में एसीबी ने एक भू-निरीक्षक (RI) को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। करीब 18 दिन पहले हुई कार्रवाई में आरोपी भू-निरीक्षक को 18 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया था। उस मामले में भी पैमाइश रिपोर्ट तैयार करने के बदले 32 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने राजस्व विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल एसीबी आरोपी रेवेन्यू इंस्पेक्टर से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।