खेत की पैमाइश के नाम पर घूसखोरी! रिश्वत लेते रेवेन्यू इंस्पेक्टर ACB के शिकंजे में
बालोतरा जिले के गुड़ामालानी में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेवेन्यू इंस्पेक्टर नारायणराम को 20 हजार 500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
राजस्थान के बालोतरा जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रेवेन्यू इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी रेवेन्यू इंस्पेक्टर नारायणराम पर खेत की पैमाइश (नेखमबंदी) करवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
बाड़मेर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार अणखिया ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि गुड़ामालानी नगर हल्के में तैनात रेवेन्यू इंस्पेक्टर नारायणराम खेत की पैमाइश के लिए रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया।
जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी रेवेन्यू इंस्पेक्टर परिवादी से पहले ही 4 हजार रुपए रिश्वत के रूप में ले चुका था। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई और मंगलवार को कार्रवाई को अंजाम दिया।