बाड़मेर पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स मामले के आरोपी करीम खान के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया है। शुक्रवार को सेड़वा क्षेत्र के सिंहार गांव में सरकारी भूमि पर बने अवैध मकान और फैक्ट्री को प्रशासन की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देशानुसार एनडीपीएस एक्ट के चालानशुदा, हार्डकोर और वांछित अपराधियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सेड़वा थाना पुलिस ने आरोपी करीम खान पुत्र अरबाब के सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को चिन्हित किया था।
जानकारी के अनुसार करीब तीन माह पहले सेड़वा के सिंहार गांव में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का खुलासा हुआ था। उस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।
अतिक्रमण की रिपोर्ट मिलने के बाद एसडीएम सेड़वा के निर्देश पर शुक्रवार दोपहर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध मकान और फैक्ट्री को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम बद्रीनारायण, तहसीलदार जोताराम मीणा, उप तहसीलदार महेंद्र सिंह, सहायक विकास अधिकारी प्रहलादराम पंवार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी जेठाराम और सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।