चूरू जिले के सरदारशहर क्षेत्र के बोघेरा गांव में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। करीब एक वर्ष पहले विवाह बंधन में बंधे 27 वर्षीय युवक भालाराम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार में मातम छा गया।

परिजनों के अनुसार भालाराम 24 मई की रात भोजरासर रोही स्थित गाजूसर फांटा के पास सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक युवक तेज गति से मोटरसाइकिल लेकर वहां पहुंचा, जो अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सड़क किनारे खड़े भालाराम से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार और भालाराम दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल सरदारशहर के राजकीय उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से भालाराम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बीकानेर रेफर किया गया। बाद में जयपुर के एक निजी अस्पताल में भी उसका इलाज चला, लेकिन 22 दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद उसने रविवार को दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, घर में चीख-पुकार मच गई। महिलाओं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया, लेकिन हर किसी की आंखें नम थीं।

जानकारी के अनुसार भालाराम की शादी लगभग एक वर्ष पहले हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। परिवार आने वाले नए सदस्य के स्वागत की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। अब अजन्मे बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे पूरा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है।

पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।