राजस्थान के बीकानेर जिले में मंगलवार को एक बेहद भावुक और दर्दनाक घटना सामने आई। बज्जू थाना क्षेत्र के चक 3 बीजीएएम (ए) गांव में पिता की मौत का सदमा उनकी बेटी बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने फार्म पोंड में कूदकर आत्महत्या कर ली। कुछ ही घंटों के अंतराल में पिता और बेटी की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, पतराम गोदारा सोमवार शाम को बज्जू कस्बे में अपने निर्माणाधीन मकान पर गए थे। रात को वे वहीं रुके हुए थे। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों को सूचना मिली कि पतराम गोदारा मकान में अचेत अवस्था में पड़े हैं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में उनकी मौत हार्ट अटैक से होना बताया गया है।
पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह करीब 11 बजे जब पतराम गोदारा का शव घर लाया गया, तो उनकी 22 वर्षीय बेटी ऋतु गोदारा यह सदमा सहन नहीं कर सकी। बताया जा रहा है कि वह घर के पास स्थित खेत में बने फार्म पोंड की ओर गई और उसमें छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत पानी में उतरकर ऋतु को बाहर निकाला और इलाज के लिए बज्जू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।
ऋतु गोदारा ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थी और कॉलेज के प्रथम वर्ष की छात्रा थी। परिवार और गांव के लोगों के अनुसार वह अपने पिता के बेहद करीब थी। पिता की अचानक मौत ने उसे गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना के बाद बज्जू उप जिला अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिवार ने निर्णय लिया है कि पिता और बेटी का अंतिम संस्कार एक साथ किया जाएगा।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।