दौसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2023 के चर्चित हत्याकांड में ढाई साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहन डूडी के रूप में हुई है, जो चौमूं थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के निर्देशन में कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने हरियाणा के बावल स्थित एक पेट्रोल पंप के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर 2023 को दौसा के बावड़ीपाड़ा निवासी नरेश कीर ने मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया था कि हिमांशु शर्मा, आकाश शर्मा सहित 25 से 30 लोगों ने उसके मकान और दुकान पर हमला कर तोड़फोड़, पथराव और मारपीट की थी। इस हिंसक घटना में उसकी मां लड्डो देवी की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए थे।
घटना के बाद से आरोपी मोहन डूडी फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने पिता के ट्रकों में ड्राइवरों के साथ केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में घूमता रहा। आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करता था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
साइबर सेल के हैड कांस्टेबल दशरथ सिंह ने करीब दो माह तक तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयास किए। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी केरल से लौटकर हरियाणा पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बावल के एक पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी मोहन डूडी (26) निवासी जगतपुरा थाना अमरसर, हाल निवासी केशव नगर चौमूं, जयपुर ग्रामीण का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, हत्या, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एएसपी शंकरलाल मीणा, डीएसपी धर्मेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा, साइबर सेल प्रभारी प्रेमनारायण शर्मा, हैड कांस्टेबल विजय कुमार, दशरथ सिंह तथा कांस्टेबल मीठालाल और राहुल शामिल रहे।