दौसा हत्याकांड का 20 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, ढाई साल बाद हरियाणा से दबोचा
दौसा में वर्ष 2023 के चर्चित हत्याकांड के मामले में ढाई साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी मोहन डूडी को पुलिस ने हरियाणा के बावल से गिरफ्तार कर लिया।
दौसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2023 के चर्चित हत्याकांड में ढाई साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहन डूडी के रूप में हुई है, जो चौमूं थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के निर्देशन में कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने हरियाणा के बावल स्थित एक पेट्रोल पंप के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर 2023 को दौसा के बावड़ीपाड़ा निवासी नरेश कीर ने मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया था कि हिमांशु शर्मा, आकाश शर्मा सहित 25 से 30 लोगों ने उसके मकान और दुकान पर हमला कर तोड़फोड़, पथराव और मारपीट की थी। इस हिंसक घटना में उसकी मां लड्डो देवी की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए थे।