राजधानी जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। दुकान के बाहर बैठकर शराब पी रहे युवकों को टोकना युवक को इतना भारी पड़ा कि आरोपियों ने पत्थर और डंडों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

मृतक की पहचान गोविंदपुरा स्थित शिक्षा सागर कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय संजू शर्मा पुत्र कैलाश शर्मा के रूप में हुई है। वह पानी के टैंकर सप्लाई का काम करता था।

दुकान के बाहर चल रही थी शराब पार्टी

पुलिस के अनुसार मंगलवार रात पड़ोस के खेत में एक शादी समारोह आयोजित था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे आधा दर्जन युवक संजू के घर के बाहर स्थित किराने की दुकान के सामने बैठकर शराब पी रहे थे।

परिजनों ने जब उन्हें वहां शराब पीने से मना किया और जाने के लिए कहा तो युवक नाराज हो गए। आरोप है कि गुस्से में उन्होंने घर पर पथराव भी किया।

समझाने गया, मौत मिल गई

परिजनों के मुताबिक संजू शर्मा घर से बाहर निकलकर युवकों को समझाने गया था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे अकेला पाकर घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

हमलावरों ने पत्थर से उसका सिर फोड़ दिया और डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल होकर संजू सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजनों ने तत्काल उसे एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादी में आए युवकों पर आरोप

मृतक के भाई मंगल शर्मा ने बताया कि आरोपी पड़ोस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। पहले उन्हें समझाकर वहां से भेज दिया गया था, लेकिन कुछ देर बाद वे अपने अन्य साथियों को लेकर वापस लौटे।

आरोप है कि देर रात करीब 12:30 बजे आरोपियों ने घर पर फिर पथराव शुरू कर दिया। कॉलोनी में उत्पात मचाने के साथ ही लाइटें और सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।

परिवार के लोगों से भी की मारपीट

मंगल शर्मा के अनुसार जब संजू को बचाने के लिए परिवार के सदस्य आगे आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में परिवार के चार अन्य लोग घायल हो गए, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है।

परिवार में मचा कोहराम

संजू शर्मा अपने पीछे पत्नी, 6 साल की बेटी और 3 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।