टोंक जिले के निवाई क्षेत्र के बरोनी थाना इलाके में खेत पर काम कर रहे एक किसान पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। चार कारों में सवार होकर पहुंचे लोगों ने किसान के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार मोटूका गांव निवासी किसान गोपीलाल अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान चार कारों में सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने किसान के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। अचानक हुए हमले के कारण किसान को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किसान को तत्काल निवाई उप जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार किसान के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलने पर बरोनी थाना पुलिस भी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है।

बरोनी थानाधिकारी नारायणलाल गुर्जर ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ सामने आया है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।