खेत में काम कर रहे किसान पर हमला, चार कारों में पहुंचे बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटा
टोंक जिले के निवाई क्षेत्र के मोटूका गांव में खेत पर काम कर रहे किसान पर चार कारों में सवार होकर आए बदमाशों ने हमला कर दिया।
टोंक जिले के निवाई क्षेत्र के बरोनी थाना इलाके में खेत पर काम कर रहे एक किसान पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। चार कारों में सवार होकर पहुंचे लोगों ने किसान के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार मोटूका गांव निवासी किसान गोपीलाल अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान चार कारों में सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने किसान के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। अचानक हुए हमले के कारण किसान को संभलने का मौका भी नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किसान को तत्काल निवाई उप जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार किसान के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।