राजस्थान के बूंदी जिले में एक पूर्व सरपंच को कथित तौर पर बाइक चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई की, उसके सिर के बाल कैंची से काट दिए और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

 घटना 5 जुलाई की है। बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के बामनगांव के पूर्व सरपंच अनिल वाल्मीकि (30) को टोंक जिले के नगरफोर्ट थाना क्षेत्र के रायपुरिया गांव में एक मकान से बाइक चोरी करते हुए ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे मौके पर ही घेर लिया और कथित चोरी के आरोप में उसकी जमकर पिटाई कर दी।

कपड़े उतरवाकर काटे बाल

 ग्रामीणों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने आरोपी के कपड़े उतरवा दिए और कैंची से उसके सिर के बाल काट दिए। बाद में सूचना मिलने पर नगरफोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर थाने ले गई।

2015 से 2020 तक रहा था सरपंच

बताया जा रहा है कि अनिल वाल्मीकि जनवरी 2015 से वर्ष 2020 तक बामनगांव ग्राम पंचायत का सरपंच रह चुका है। स्थानीय लोगों का दावा है कि सरपंच का कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह चोरी की घटनाओं में शामिल होने लगा। ग्रामीणों के अनुसार, वह शराब का आदी है और इसी कारण लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

पहले भी कई बार पकड़ा जा चुका है

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले भी अनिल वाल्मीकि को रघुनाथगंज क्षेत्र में चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद उसने बम्बूली गांव के दो घरों से मोबाइल चोरी किए थे। ग्रामीणों ने उसका पीछा कर टोंक में पकड़ लिया था और चोरी के मोबाइल बरामद कर नैनवां पुलिस को सौंप दिया था।

उस समय उसकी तलाशी के दौरान एक बटनदार चाकू भी मिला था, जिसके बाद टोंक पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि, जमानत पर रिहा होने के बाद वह फिर से चोरी की वारदातों में शामिल हो गया।

कुछ दिन पहले भी ग्रामीणों ने पकड़ा था

 कुछ दिन पहले बूंदी के नैनवां क्षेत्र के कोलाहेड़ा गांव में भी उसे कथित चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। उस दौरान भी ग्रामीणों ने उसे रस्सियों से बांधकर पिटाई की थी। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच होने के बावजूद उसकी लगातार चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

पुलिस कर रही जांच

नगरफोर्ट थाना अधिकारी बाबूलाल मीणा ने बताया कि घटना 5 जुलाई की है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।