राजधानी जयपुर के नारायण विहार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक बाइक समेत करीब 20 फीट दूर उछलकर एक मकान की दीवार से जा टकराया। गंभीर रूप से घायल युवक को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे कीर्ति सागर कॉलोनी के मुख्य चौराहे पर हुआ। बाइक सवार युवक कॉलोनी से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उसे साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक और उसकी बाइक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक कार को कुछ दूरी तक दौड़ाकर ले गया, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नारायण विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को पहले पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और स्विफ्ट कार को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है। वहीं, घायल युवक की पहचान और उसके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
नारायण विहार थाना पुलिस का कहना है कि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और घटना के समय कार चला रहे चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश जारी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यातायात नियमों की सख्ती से पालना करवाने और तेज रफ्तार वाहन चालकों पर कार्रवाई की मांग की है।