जयपुर में तेज रफ्तार कार का कहर: बाइक सवार को मारी टक्कर, 20 फीट उछलकर दीवार से टकराया युवक
जयपुर के नारायण विहार क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक करीब 20 फीट दूर जाकर दीवार से टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजधानी जयपुर के नारायण विहार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक बाइक समेत करीब 20 फीट दूर उछलकर एक मकान की दीवार से जा टकराया। गंभीर रूप से घायल युवक को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे कीर्ति सागर कॉलोनी के मुख्य चौराहे पर हुआ। बाइक सवार युवक कॉलोनी से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उसे साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक और उसकी बाइक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक कार को कुछ दूरी तक दौड़ाकर ले गया, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया।