जोधपुर। शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने सूने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक सामान लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार यह घटना पाल रोड स्थित रूपनगर सेकंड क्षेत्र की है। मकान मालिक मुकेश प्रजापत जब घर लौटे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों व कमरों की तलाशी ली गई थी। जांच करने पर पता चला कि घर में रखा कीमती सामान गायब है।

पीड़ित ने तुरंत चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी के बाद सामान लेकर जाते हुए नजर आए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटेज में दिख रहे दोनों संदिग्धों को उन्होंने पहले भी इलाके में कई बार घूमते और घरों की गतिविधियों पर नजर रखते देखा था। लोगों का मानना है कि बदमाशों ने पहले क्षेत्र की रेकी की और फिर मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।

फिलहाल चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। वहीं चोरी में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन भी जांच के दौरान किया जा रहा है।