जोधपुर में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, दिनदहाड़े लाखों की चोरी ..
जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र के पाल रोड स्थित रूपनगर सेकंड में दिनदहाड़े सूने मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों का कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जिसमें दो संदिग्ध सामान लेकर जाते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पहले भी इलाके में रेकी करते देखे गए थे। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
जोधपुर। शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने सूने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक सामान लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना पाल रोड स्थित रूपनगर सेकंड क्षेत्र की है। मकान मालिक मुकेश प्रजापत जब घर लौटे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों व कमरों की तलाशी ली गई थी। जांच करने पर पता चला कि घर में रखा कीमती सामान गायब है।
पीड़ित ने तुरंत चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी के बाद सामान लेकर जाते हुए नजर आए हैं।