झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग में यूडीसी (UDC) के पद पर कार्यरत एक युवक ने अपनी ही बुजुर्ग मां की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने फरार होने की बजाय अपनी बहन और बहनोई को फोन कर कहा, "मैंने मम्मी का मर्डर कर दिया।" सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को घर से ही डिटेन कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना नवलगढ़ थाना क्षेत्र में कृषि उपज मंडी के सामने स्थित एक मकान की है। मृतका की पहचान 59 वर्षीय प्रभाती देवी, पत्नी स्वर्गीय शीशराम, के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से गुढ़ा थाना क्षेत्र के सिंगनोर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में नवलगढ़ में निवास कर रहा था।
शराब की लत और पारिवारिक विवाद बना कारण
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राजवीर (28) पीडब्ल्यूडी विभाग में यूडीसी के पद पर कार्यरत है और उसे शराब की लत है। उसकी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी अपने पांच वर्षीय बेटे को लेकर मायके में रह रही थी। ऐसे में राजवीर अपनी मां प्रभाती देवी के साथ ही घर में रहता था।
रात 10 बजे हुआ विवाद, फिर किया जानलेवा हमला
8 जुलाई की रात करीब 10 बजे मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए राजवीर ने रसोई से चाकू उठाया और अपनी मां पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से प्रभाती देवी खून से लथपथ होकर घर में ही गिर पड़ीं।
बहन-बहनोई को खुद दी हत्या की सूचना
वारदात के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश नहीं की। उसने अपनी दूसरी बहन और बहनोई शिवकुमार को फोन कर कहा कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में प्रभाती देवी को नवलगढ़ के जिला अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया डिटेन
घटना की सूचना मिलने पर नवलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दामाद की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी राजवीर को घर से ही डिटेन कर लिया। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और आरोपी की शराब की लत घटना की प्रमुख वजह सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।