PWD कर्मचारी ने मां की चाकू मारकर हत्या की, बहन-बहनोई को फोन कर बोला- मैंने मम्मी का मर्डर कर दिया
झुंझुनूं के नवलगढ़ में पीडब्ल्यूडी विभाग के एक यूडीसी कर्मचारी ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी 59 वर्षीय मां की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद अपनी बहन और बहनोई को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को घर से ही हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग में यूडीसी (UDC) के पद पर कार्यरत एक युवक ने अपनी ही बुजुर्ग मां की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने फरार होने की बजाय अपनी बहन और बहनोई को फोन कर कहा, "मैंने मम्मी का मर्डर कर दिया।" सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को घर से ही डिटेन कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना नवलगढ़ थाना क्षेत्र में कृषि उपज मंडी के सामने स्थित एक मकान की है। मृतका की पहचान 59 वर्षीय प्रभाती देवी, पत्नी स्वर्गीय शीशराम, के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से गुढ़ा थाना क्षेत्र के सिंगनोर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में नवलगढ़ में निवास कर रहा था।