राजस्थान के कोटा शहर में एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में कोटा-झालावाड़ रोड स्थित फ्लाईओवर से छलांग लगाने के बाद एक छात्रा की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विज्ञान नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि मृतका की पहचान जय श्री के रूप में हुई है। वह बिहार के अररिया जिले के रानीगंज क्षेत्र की रहने वाली थी और कोटा में एक निजी कोचिंग संस्थान से JEE (जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम) की तैयारी कर रही थी। छात्रा करीब छह महीने पहले जनवरी में कोटा आई थी और विज्ञान नगर इलाके में एक पीजी में रह रही थी।

देर रात फ्लाईओवर से लगाई छलांग

प्रारंभिक जांच के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12 बजे छात्रा श्रीजी हॉस्पिटल के सामने स्थित फ्लाईओवर पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवाया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस उसके पीजी, कोचिंग संस्थान और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही छात्रा के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।