कोटा में JEE की तैयारी कर रही छात्रा ने फ्लाईओवर से लगाई छलांग, बिहार की रहने वाली थी... मौत के कारणों की जांच जारी
कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में JEE की तैयारी कर रही बिहार की 18 वर्षीय छात्रा ने फ्लाईओवर से छलांग लगाकर जान दे दी।
राजस्थान के कोटा शहर में एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में कोटा-झालावाड़ रोड स्थित फ्लाईओवर से छलांग लगाने के बाद एक छात्रा की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञान नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि मृतका की पहचान जय श्री के रूप में हुई है। वह बिहार के अररिया जिले के रानीगंज क्षेत्र की रहने वाली थी और कोटा में एक निजी कोचिंग संस्थान से JEE (जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम) की तैयारी कर रही थी। छात्रा करीब छह महीने पहले जनवरी में कोटा आई थी और विज्ञान नगर इलाके में एक पीजी में रह रही थी।
देर रात फ्लाईओवर से लगाई छलांग
प्रारंभिक जांच के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12 बजे छात्रा श्रीजी हॉस्पिटल के सामने स्थित फ्लाईओवर पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।